बिजौलिया। श्याम विजय
नगर में आयोजित पांच दिवसीय तेजाजी मेले में दुकानों के किराए को लेकर विवाद सामने आया है। दुकानदारों ने नगर पालिका पर निर्धारित दर से अधिक किराया वसूले जाने का आरोप लगाते हुए पालिका अध्यक्ष स्नेहा तिवारी एवं ईओ तरुण कुमार शर्मा से शिकायत कर समस्या के समाधान की मांग की।
दिल्ली से मेले में दुकान लगाने आए एक दुकानदार ने बताया कि पूर्व में ग्राम पंचायत द्वारा 10 फीट की दुकान का पांच दिन का किराया करीब 1000 रुपए लिया जाता था। इस बार ठेकेदार के माध्यम से 10 फीट की दुकान के लिए 3000 रुपए लिए जा रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि किराए में बढ़ोतरी के साथ मेले में अपेक्षाकृत कम भीड़ होने से बिक्री प्रभावित हो रही है, जिससे बाहर से आने वाले छोटे दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

दुकानदारों ने बताया कि वे कई वर्षों से तेजाजी मेले में दुकानें लगाकर परिवार का पालन-पोषण करते आ रहे हैं। उनका कहना है कि अधिक किराया और कम बिक्री के कारण इस बार खर्च निकालना भी मुश्किल हो रहा है। दुकानदारों ने पालिका प्रशासन से किराए की दरों की समीक्षा कर राहत देने की मांग की है।
वहीं, ईओ तरुण कुमार शर्मा ने बताया कि नगर पालिका द्वारा नियमानुसार ही दुकानों का किराया वसूला जा रहा है। उन्होंने कहा कि किराया निर्धारित प्रक्रिया के तहत लिया जा रहा है।
Continue With Google