स्कूली विद्यार्थियों ने फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट का किया भ्रमण
गंगापुर। राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) की सामुदायिक जागरूकता एवं जन सहभागिता कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को टैगोर पब्लिक स्कूल, पोटला गंगापुर के विद्यार्थियों को रायपुर रोड, नेहरू नगर स्थित निर्माणाधीन फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट (एफएसटीपी) का भ्रमण करवाया गया।

भ्रमण के दौरान ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस टीम के राजूलाल महावर एवं सुभाष गुर्जर ने विद्यार्थियों को एफएसटीपी की कार्यप्रणाली एवं तकनीकी प्रक्रिया की जानकारी दी। विद्यार्थियों को प्राइमरी ट्रीटमेंट यूनिट, एमबीआर, स्टेबिलाइजेशन टैंक, स्क्रू प्रेस, स्लज ड्रायर तथा डी-स्लजिंग मशीन सहित विभिन्न इकाइयों की कार्यप्रणाली के बारे में समझाया गया।

कैप इकाई की सहायक सामाजिक विकास एवं जेंडर सपोर्ट अधिकारी रेखा खटीक ने विद्यार्थियों को बताया कि घरों के सेप्टिक टैंक अथवा सोकपिट को नगर पालिका में निर्धारित शुल्क 2000 रुपए जमा करवाकर खाली करवाया जा सकता है। सेप्टिक टैंक से निकले स्लज को एफएसटीपी में वैज्ञानिक तरीके से उपचारित कर खाद के रूप में उपयोग किया जा सकेगा। इससे गंदगी एवं प्रदूषण में कमी आएगी और वातावरण स्वच्छ रखने में मदद मिलेगी।
उन्होंने विद्यार्थियों को अपने घरों के सेप्टिक टैंक को प्रत्येक पांच वर्ष में खाली करवाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही सेप्टिक टैंक खाली करवाने से संबंधित जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर 18001218420 पर संपर्क करने की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को एफएसटीपी के लाभों के साथ व्यक्तिगत स्वच्छता एवं स्वच्छता संबंधी आवश्यक सावधानियों की जानकारी भी दी गई। इस अवसर पर विद्यालय के अध्यापक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जीवनराम किलका, गुमान सिंह बिजार्निया, गिरधारी राजोरा एवं परसाराम जाजड़ा सहित अन्य ने सहभागिता की।
Continue With Google