बिजौलिया। श्याम विजय।
नगर पालिका बोर्ड के गठन के बाद मंगलवार को पंचायत समिति सभागार में पहली बोर्ड बैठक हुई। पालिका अध्यक्ष स्नेहा तिवाड़ी की अध्यक्षता में हुई बैठक में शहर की व्यवस्थाओं से जुड़े कई अहम मुद्दे सामने आए। सफाई, सड़क, नालियों और पेयजल व्यवस्था से लेकर बंद रोड लाइट, अतिक्रमण, अवैध पार्किंग, यूडी टैक्स की वसूली और पालिका की आय बढ़ाने जैसे विषयों पर पार्षदों ने अपनी बात रखी। आगामी दशहरा और दीपावली को देखते हुए शहर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर भी चर्चा हुई।
बैठक में पार्षदों ने अपने-अपने वार्ड की समस्याएं उठाते हुए उनके समयबद्ध समाधान की मांग की। वहीं बैठक की सूचना महज एक दिन पहले दिए जाने को लेकर कुछ पार्षदों ने नाराजगी जताई और भविष्य में पर्याप्त समय पहले सूचना व एजेंडा उपलब्ध कराने की मांग रखी।
एक दिन पहले सूचना पर पार्षदों ने जताई नाराजगी
बोर्ड बैठक की सूचना अचानक मिलने पर कांग्रेस पार्षद संजय मालवीय और किशन खटीक ने आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि यदि बैठक की जानकारी एक दिन पहले मिलेगी तो वार्ड की समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर जरूरी तैयारी करना मुश्किल होगा।
पार्षदों ने मांग की कि आगामी बोर्ड बैठकों की सूचना कम से कम तीन से सात दिन पहले दी जाए। साथ ही बैठक का पूरा एजेंडा भी समय रहते उपलब्ध कराया जाए, ताकि पार्षद अपने वार्ड की समस्याओं, आवश्यक कार्यों और प्रस्तावों को व्यवस्थित तरीके से बैठक में रख सकें।
पार्षदों ने कहा कि बोर्ड बैठक महज औपचारिकता तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि शहर की समस्याओं और वार्डों के विकास पर ठोस निर्णय लेने का मंच बनना चाहिए।
बंद रोड लाइटों से लेकर अंधेरे मोहल्लों तक उठी आवाज
बैठक में शहर की प्रकाश व्यवस्था का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। संजय मालवीय और किशन खटीक ने लंबे समय से बंद पड़ी रोड लाइटों की ओर ध्यान दिलाते हुए कहा कि कई मोहल्लों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने से लोगों को परेशानी हो रही है।
पार्षदों ने खराब और बंद लाइटों को जल्द ठीक कराने तथा जरूरत वाले स्थानों पर नई प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
सफाई-कचरा प्रबंधन और सड़कों की स्थिति पर मंथन
बैठक में नगर की सफाई व्यवस्था, कचरा संग्रहण और ठोस कचरा प्रबंधन की भी समीक्षा की गई। पार्षदों ने नियमित सफाई के साथ कचरे के प्रभावी निस्तारण पर जोर दिया।
इसके साथ ही सड़कों, नालियों और सार्वजनिक मार्गों की स्थिति सुधारने को लेकर भी चर्चा हुई। वार्डों में सामने आ रही समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्यों पर विचार किया गया।
त्योहारों से पहले सफाई और रोशनी दुरुस्त करने पर जोर
दशहरा, दीपावली सहित आगामी त्योहारों को देखते हुए नगर में सफाई, प्रकाश, पेयजल और यातायात व्यवस्था बेहतर करने पर भी चर्चा हुई। दीपावली के दौरान पटाखा दुकानों के लिए स्थान निर्धारण, सुरक्षा व्यवस्था और संबंधित विभागों के साथ समन्वय का विषय भी बैठक के एजेंडे में शामिल रहा।
तेजाजी चौक से बस स्टैंड तक अतिक्रमण-पार्किंग पर चर्चा
शहर में बढ़ते अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग को लेकर भी बोर्ड बैठक में चर्चा हुई। तेजाजी चौक से बस स्टैंड तक सड़क के दोनों ओर अवैध पार्किंग व अतिक्रमण तथा तेजाजी चौक से नगर पालिका चौक तक हो रहे अतिक्रमण की स्थिति की समीक्षा की गई।
पालिका भूमि पर अवैध कब्जों की स्थिति और उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ।
पालिका की आय बढ़ाने और यूडी टैक्स वसूली पर जोर
बैठक में नगर पालिका की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए विभिन्न करों एवं शुल्कों की वसूली बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। यूडी टैक्स की वसूली सहित पालिका की आय के अन्य स्रोतों को मजबूत करने के उपायों पर विचार किया गया।
पलकी नदी पुलिया और नए पालिका भवन का मुद्दा भी उठा
बैठक में पलकी नदी पर पुलिया निर्माण सहित जनहित से जुड़े विकास कार्यों पर चर्चा की गई। वहीं पालिका अध्यक्ष स्नेहा तिवाड़ी ने नगर पालिका के लिए नए भवन की आवश्यकता का मुद्दा भी बैठक में रखा।
पहली बैठक में सभी 25 पार्षद रहे मौजूद
बैठक में दिनेश पालीवाल, रीना चंद्रवाल, माया शर्मा, निशा जैन, कमलेश, आशा जैन, राधेश्याम, राधेकृष्ण माली सहित नगर पालिका के सभी 25 पार्षद मौजूद रहे।
भीलवाड़ा
बिजौलिया पालिका की पहली बोर्ड बैठक में गूंजे शहर के मुद्दे, बंद रोड लाइट से अतिक्रमण तक पर गरमाई चर्चा
पार्षद बोले-बैठक की सूचना पहले मिले, तभी वार्डों की समस्याओं पर हो सकेगी ठोस तैयारी | सफाई, सड़क, पेयजल, पार्किंग, यूडी टैक्स और पालिका भवन सहित कई मुद्दे एजेंडे में
October 07, 2026 07:46 AM
1 min read
400 views
1/1
Reactions
Comments 0
Please log in to join the conversation and post a comment.
Continue With Google