70वीं जिला स्तरीय नेटबॉल प्रतियोगिता का समापन; 27 टीमों के 321 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, मालवीय के बयान से कार्यक्रम में छाया सियासी रंग

बिजौलिया (श्याम विजय )।

गोविंदपुरा स्कूल का खेल मैदान चार दिन तक खिलाड़ियों के जोश और मुकाबलों का गवाह रहा, लेकिन समापन समारोह में पूर्व प्रधान एवं मांडलगढ़ विधानसभा के विधायक प्रत्याशी गोपाल मालवीय के एक राजनीतिक टिप्पणी ने कार्यक्रम को खेल से सीधे सियासत के मैदान तक पहुंचा दिया। खिलाड़ियों और अतिथियों के बीच संबोधन देते हुए मालवीय ने कहा “एक टूर्नामेंट खेल का चल रहा है और दूसरा राजनीति का… उसमें भी खींचतान जारी है।”

मालवीय की इस टिप्पणी के बाद समारोह का माहौल कुछ देर के लिए राजनीतिक चर्चाओं की ओर मुड़ गया। उन्होंने हालांकि अपने संबोधन में किसी नेता या राजनीतिक दल का नाम नहीं लिया, लेकिन मांडलगढ़ क्षेत्र की मौजूदा राजनीतिक गतिविधियों के संदर्भ में उनके बयान को देखा जा रहा है।

👇 विडियो देखे 👇

खेल के आंकड़ों के बीच राजनीति की चर्चा

समापन समारोह में मालवीय ने खेलों की उपयोगिता पर भी जोर दिया। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल के साथ शिक्षा में आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि खेल अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करते हैं।

चार दिवसीय प्रतियोगिता में जिलेभर की 27 टीमों के 321 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इनमें छात्र वर्ग की 17 और छात्रा वर्ग की 10 टीमें शामिल रहीं।

दोनों वर्गों में आकोला का दबदबा

छात्र वर्ग में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय आकोला ने प्रथम स्थान हासिल किया। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सेतूरिया दूसरे और राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय केसरपुरा तीसरे स्थान पर रहा।

छात्रा वर्ग में भी राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय आकोला प्रथम रहा। उम्मीद स्कूल ऑफ एक्सीलेंस ने दूसरा और पीएम श्री स्कूल बापूनगर ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को अतिथियों ने ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता के आयोजन में सहयोग करने वाले भामाशाहों का भी सम्मान किया गया।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि नरेश मीणा रहे, जबकि अध्यक्षता पूर्व प्रधान एवं विधायक प्रत्याशी गोपाल मालवीय ने की। कार्यक्रम का संचालन जयंत जैन ने किया। इस दौरान पूर्व सरपंच शंकर मीणा, नरेश धाकड़ सहित शिक्षक, खिलाड़ी, अभिभावक और गणमान्य लोग मौजूद रहे।