शारदीय नवरात्रि पर श्री जोगणियां माता शक्तिपीठ में भव्य धार्मिक महोत्सव का आयोजन
बिजौलिया। प्रसिद्ध श्री जोगणियां माता शक्तिपीठ में शारदीय नवरात्रि के अवसर पर 11 से 20 अक्टूबर तक दस दिवसीय भव्य धार्मिक महोत्सव का आयोजन होगा। इस महोत्सव में देवीभागवत कथा, शतचंडी पारायण, पंचकुंडीय महायज्ञ, कलश यात्रा, अखंड रामायण पाठ, रामलीला, भजन संध्याएं और रात्रि जागरण जैसे अनेक धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भोजन, आवास, पेयजल और सुरक्षा की विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
महान धार्मिक आयोजन की शुरुआत
मंदिर संस्थान के अध्यक्ष सत्यनारायण जोशी ने बताया कि महोत्सव की शुरुआत 11 अक्टूबर, रविवार को अभिजित मुहूर्त में दोपहर 12.05 बजे घट स्थापना एवं ध्वजारोहण के साथ होगी। इससे पहले सुबह 9.15 बजे कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें वेद विद्यालय के विद्वान पंडित एवं बटुक शामिल होंगे।
मुख्य आकर्षण: देवीभागवत कथा और महायज्ञ
नवरात्रि के दौरान प्रतिदिन दोपहर 2 से शाम 6 बजे तक रामलीला मंच पर श्रीमद् देवीभागवत कथा एवं मूल पारायण होगा। वहीं सुबह 8.30 से शाम 5 बजे तक पंचकुंडीय महायज्ञ एवं शतचंडी पारायण आयोजित किया जाएगा। श्रद्धालु यज्ञ में जोड़ा बैठकर धार्मिक अनुष्ठान में सहभागी बन सकेंगे।श्री पवनपुत्र हनुमानजी मंदिर एवं श्री खेड़ापति बालाजी मंदिर पर प्रतिदिन अखंड रामायण पाठ होगा। सूर्यनारायण एवं गायत्री शक्तिपीठ मंदिर पर गायत्री पुरुश्चरण, यज्ञ एवं अनुष्ठान भी होंगे। वेद विद्यालय के बटुक प्रतिदिन शाम 7 से 8 बजे तक चतुर्वेद मंत्रोच्चार एवं स्तोत्र पाठ करेंगे।
रामलीला, भजन संध्या और जागरण
नवरात्रि के दौरान प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा प्रतिदिन रात 8 बजे से रामलीला का मंचन किया जाएगा। इसके बाद विभिन्न दिनों में भव्य भजन संध्या एवं रात्रि जागरण होंगे।
- 15 अक्टूबर को पंचम दिवस रात 10.30 बजे से प्रसिद्ध लोक कलाकारों द्वारा भजन संध्या व रात्रि जागरण होगा।
- 17 अक्टूबर को सप्तम दिवस भारत की प्रसिद्ध विदुषी द्वारा नारी शक्ति पर विशेष प्रस्तुति के साथ प्रसिद्ध लोक कलाकारों की भजन संध्या होगी।
- 18 अक्टूबर अष्टमी को महारात्रि जागरण एवं भक्तिमय लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
- 19 अक्टूबर नवमी को भी प्रसिद्ध लोक कलाकारों द्वारा भजन संध्या एवं रात्रि जागरण होगा।
20 अक्टूबर को महोत्सव का समापन
नवरात्रि महोत्सव का समापन 20 अक्टूबर मंगलवार को होगा। इस दिन अभिजित मुहूर्त में दोपहर 12.15 बजे पूर्णाहुति होगी।
श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं
मंदिर संस्थान की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए आवासीय व्यवस्था, रसोई एवं भोजन बनाने की सुविधा, बिस्तर-बर्तन, पेयजल, रोशनी तथा सुरक्षा की व्यवस्था की गई है। अन्नपूर्णा भोजनालय में शुद्ध सात्विक भोजन उपलब्ध रहेगा। इसके अलावा जोगणियां माता भक्तों की ओर से भंडारा भवन में नवरात्रि के दौरान रामरसोड़ा संचालित किया जाएगा।
पर्यावरण संरक्षण के दिशा-निर्देश
मंदिर संस्थान ने पर्यावरण एवं स्वच्छता को लेकर विशेष निर्देश जारी किए हैं। पूरे क्षेत्र में प्लास्टिक एवं डिस्पोजल के उपयोग पर प्रतिबंध रहेगा। प्रसाद के लिए मिट्टी के कुल्हड़ तथा वनस्पति पत्तों से बने पत्तल-दोने का उपयोग करने की अपील की गई है। नियमों की अवहेलना या सफाई व्यवस्था खराब पाए जाने पर 500 रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा।
सहयोग की अपील
अध्यक्ष सत्यनारायण जोशी ने श्रद्धालुओं से मंदिर विकास एवं धार्मिक गतिविधियों में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की ओर से दानपात्र, कार्यालय में रसीद के माध्यम से तथा ऑनलाइन प्राप्त राशि से मंदिर निर्माण एवं अन्य विकास कार्य किए जा रहे हैं।
Continue With Google