बिजोलिया। गणगौर पर्व पर शनिवार शाम कस्बा एक बार फिर शाही रंग में रंगा नजर आया, जब पारंपरिक वैभव के साथ भव्य सवारी निकाली गई। नगरपालिका और राजपरिवार के संयुक्त तत्वावधान में रावले से शुरू हुई इस आकर्षक शोभायात्रा ने पूरे नगर में उत्सव का माहौल बना दिया।

हालांकि हर वर्ष उमड़ने वाली भारी भीड़ के मुकाबले इस बार श्रद्धालुओं की संख्या कुछ कम देखने को मिली, लेकिन जो भी लोग शामिल हुए, उनका उत्साह और आस्था पूरे आयोजन को जीवंत बनाए रखने के लिए काफी रही।

सवारी के दौरान नगर की सड़कों पर जगह-जगह पुष्प वर्षा कर गणगौर का स्वागत किया गया। मंदाकिनी महादेव मंदिर परिसर में की गई शानदार विद्युत सज्जा ने वातावरण को और अधिक भव्य बना दिया।

रावले से रवाना हुई शोभायात्रा पंचायत चौक होते हुए मंदिर पहुंची, जहां पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ गणगौर को जल अर्पित किया गया। इस दौरान महिलाओं ने “गौर-गौर गोमती” गीतों पर पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को पूरी तरह सांस्कृतिक रंग में रंग दिया।

सवारी में चकरी, मसक बैंड, कच्ची घोड़ी नृत्य, सफेद घोड़ों का आकर्षक प्रदर्शन और ऊँटों की झलक ने लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी पंकज कुमार मंगल, पूर्व चेयरमैन पूजा चंद्रवाल, अंकित तिवारी, हितेन्द्र राजौरा सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Continue With Google