बिजोलिया। श्याम विजय। भोपतपुरा के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में करीब 12 लाख रुपए की लागत से बन रहे कक्षा-कक्षों का निर्माण पूरा होने से पहले ही सवालों के घेरे में आ गया। रविवार को निर्माण स्थल पर पहुंचे ग्रामीणों ने दीवारों और आरसीसी पिल्लरों में दरारें होने का आरोप लगाते हुए निर्माण की गुणवत्ता पर आपत्ति जताई। ग्रामीणों ने मौके पर इस्तेमाल हो रही सामग्री को लेकर भी सवाल उठाए और मानकों के अनुसार निर्माण कराने की मांग की।
दीवारों की मजबूती पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल
ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माणाधीन कक्षा-कक्षों की कुछ दीवारों और आरसीसी पिल्लरों में दरारें दिखाई दे रही हैं। उनका कहना है कि कुछ स्थानों पर ईंटों की चिनाई इतनी कमजोर नजर आई कि हाथ लगाने पर ईंटें नीचे गिरने लगीं। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की जांच कराकर गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मांग की।ग्रामीणों के अनुसार निर्माण की स्थिति को लेकर ठेकेदार और विद्यालय प्रशासन को पहले भी अवगत कराया गया था। इसके बावजूद अपेक्षित सुधार नहीं होने पर रविवार को ग्रामीण निर्माण स्थल पर पहुंचे और विरोध जताया।
प्रधानाचार्य बोले- तीन दिन पहले दिए थे गुणवत्ता के निर्देश
विद्यालय के प्रधानाचार्य देवी शंकर वर्मा ने बताया कि ठेकेदार को पहले ही गुणवत्तापूर्ण निर्माण के निर्देश दिए गए थे। उन्होंने कहा कि यदि इसके बाद भी निर्माण कार्य में लापरवाही सामने आती है तो उच्च अधिकारियों को सूचना देकर जांच कराई जाएगी।
ठेकेदार ने कहा-मानकों के अनुसार हो रहा निर्माण
वहीं, ठेकेदार राजेश धाकड़ ने ग्रामीणों के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य सरकार के निर्धारित मानकों के अनुसार ही कराया जा रहा है और किसी प्रकार की लापरवाही नहीं की जा रही है।
Continue With Google