बिजौलिया । श्याम विजय

थाना क्षेत्र में गुरुवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। पहला हादसा केसरगंज कट के पास हुआ, जबकि दूसरा हादसा मोदी के ढाबे के नजदीक हुआ। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

केसरगंज कट के पास हादसा, छात्र की मौत

जानकारी के अनुसार चार दोस्त रात को दो बाइकों से कोटा से मेनाल घूमने के लिए निकले थे। मेनाल घूमने के बाद चारों दोस्त सुबह वापस कोटा लौट रहे थे। इसी दौरान बिजोलिया के केसरगंज कट के पास एक बाइक अचानक स्लिप हो गई।

हादसे में बाइक पर सवार शिवम पुत्र विजय सिंह राजपूत (15), निवासी मुज्जफरपुर, देवरिया, बिहार की मौत हो गई। शिवम के साथ पीछे बैठे झारखंड निवासी अर्पित को चोटें आई हैं। वहीं दूसरी बाइक पर झारखंड निवासी मानस और बिहार निवासी कनिष्क सवार थे।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अर्पित को बिजोलिया के उप जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद शिवम को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद चारों दोस्त घबराए हुए और परेशान नजर आए।

बताया गया कि शिवम कोटा में रहकर एलन में जेई की तैयारी कर रहा था। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। शव को मोर्चरी में रखवाया गया है और पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

मोदी के ढाबे के पास कार ने बाइक को मारी टक्कर

वहीं दूसरी ओर मोदी के ढाबे के नजदीक कार और बाइक की भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार एक युवक और एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को अस्पताल पहुंचाया।

फिलहाल दोनों मृतकों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस उनकी पहचान कराने के प्रयास कर रही है। साथ ही हादसे की परिस्थितियों और कार चालक के संबंध में भी जांच की जा रही है।

बिजोलिया क्षेत्र में एक ही दिन हुए इन दो सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत से इलाके में चिंता का माहौल है। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी हुई है।