पत्रकार श्याम विजय पर जानलेवा हमला और लूट का मामला, पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा, नगर पालिका कर्मचारी सहित दो फरार, गिरफ्तारी नहीं तो धरने की चेतावनी

Share

बिजौलिया। कस्बे में वरिष्ठ पत्रकार श्याम विजय पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि रिपोर्ट में नामजद दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं। फरार आरोपियों में एक नगर पालिका में कार्यरत संविदा कार्मिक बताया जा रहा है, जिसको लेकर स्थानीय स्तर पर आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

👇 पूरी जानकारी के लिए खबर पढ़े 👇

गौरतलब है कि 1 अप्रैल की रात करीब 9:10 बजे पंचायत चौक से घर लौट रहे पत्रकार श्याम विजय पर बिना नंबर की कार में सवार बदमाशों ने घर के बाहर घात लगाकर लाठी-सरियों से हमला कर दिया था। हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। आरोपियों ने करीब 11 हजार रुपए नकद और 30 ग्राम सोने की चेन भी लूट ली तथा जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।

पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने लक्ष्मीनारायण उर्फ कालू (25) निवासी छोटा दरवाजा बिजौलिया और हेमन्त (26) निवासी विवेकानन्द नगर, कोटा को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य दो आरोपी जिनमें नगर पालिका का संविदा कर्मचारी एक योगेश अहीर व एक अन्य शामिल है। अब भी गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

घटना के विरोध में शुक्रवार को बिजौलिया एवं कोटडी के पत्रकारों ने पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, सभी दोषियों पर कठोर कार्रवाई, मामले की जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी से करवाने की मांग की गई है।

साथ ही नगर पालिका में कार्यरत आरोपी को तत्काल हिरासत में लेकर सेवा से मुक्त करने और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की भी मांग उठाई गई है।

पत्रकारों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो सोमवार से नगर पालिका चौक पर पत्रकारों की उपस्थिति में धरना प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।

घटना के बाद कस्बे में कानून व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं और आमजन में भय का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!