मारुति वैन और बाइक की भिड़ंत में दो महिलाएं गंभीर घायल, जेसीबी चालक युवक तनख्वाह लेकर लौट रहा था घर
बिजोलिया। उपखंड क्षेत्र के सलावटिया गांव में सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां पलभर में छीन लीं। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के सामने बाइक और मारुति वैन की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में एक युवक और एक मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर दौड़ पड़े। सूचना पर बिजोलिया थाना पुलिस और 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची तथा घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार तीखी मानगढ़ निवासी संतोष मीणा (22) पुत्र नंदलाल मीणा मध्यप्रदेश के सिंगोली में जेसीबी चालक के रूप में कार्य करता था। वह अपनी तनख्वाह लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान उसने खड़ीपुर निवासी परिचित परिवार की महिलाओं और मासूम बच्ची को तिलस्वां महादेव के दर्शन करवाने के बाद वापस छोड़ने के लिए अपनी बाइक पर साथ लिया था।
शाम के समय सलावटिया गांव में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के सामने पहुंचते ही भीलवाड़ा की ओर से आ रही मारुति वैन और बाइक की जबरदस्त टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर सवार दिव्यांशी पुत्री नंदलाल भील की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि संतोष मीणा गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे में बाइक पर सवार संजना पत्नी नंदलाल भील एवं प्रियंका पत्नी केशराज भील, दोनों निवासी खड़ीपुर, गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों का अस्पताल में उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद बाइक काफी दूर तक घिसटती चली गई, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों और ग्रामीणों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस व एम्बुलेंस को सूचना दी।
एएसआई दल्लाराम ने बताया कि दोनों मृतकों के शव बिजोलिया उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना कैसे हुई और इसमें किसकी लापरवाही रही, इसकी जांच की जा रही है।
इस हादसे से तीखी मानगढ़ और खड़ीपुर गांव में शोक की लहर है। एक ही हादसे में युवक और मासूम की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।












Leave a Reply