बिजोलिया में हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर बुजुर्ग महिला से की लूट

Share

पति और पुत्र के अलग-अलग कमरों की बाहर से कुंडी लगाई, कान से सोने के टॉप्स छीनकर नकदी सहित बाइक से फरार

बिजोलिया। थाना क्षेत्र के राणा जी का गुड्डा गांव में रविवार अल सुबह हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने एक घर में घुसकर बुजुर्ग महिला से लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने पहले महिला के पति और पुत्र के अलग-अलग कमरों की बाहर से कुंडी लगा दी, ताकि कोई बाहर निकलकर उनका विरोध नहीं कर सके। इसके बाद बरामदे में सो रही महिला को हथियार दिखाकर उसके कानों में पहने करीब आधा तोला सोने के टॉप्स छीन लिए। टॉप्स खींचने के दौरान महिला का एक कान फट गया। बदमाश घर में रखे करीब पांच हजार रुपये की नकदी लेकर मोटरसाइकिल से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार राणा जी का गुड्डा निवासी संतोष देवी पत्नी श्यामलाल शर्मा शनिवार रात घर के बरामदे में सो रही थीं। वहीं उनके पति श्यामलाल शर्मा तथा पुत्र प्रमोद शर्मा घर के अलग-अलग कमरों में सो रहे थे। रविवार अल सुबह करीब दो अज्ञात बदमाश नकाब बांधकर और हथियारों से लैस होकर घर में घुस आए। बदमाशों ने सबसे पहले पति और पुत्र के कमरों की बाहर से कुंडी लगा दी, जिससे दोनों बाहर नहीं निकल सके।

इसके बाद बदमाश बरामदे में सो रही संतोष देवी के पास पहुंचे और हथियार दिखाकर उन्हें धमकाया। महिला के विरोध करने पर बदमाशों ने उसके कानों में पहने सोने के टॉप्स जबरन खींच लिए, जिससे उसका एक कान फट गया और वह लहूलुहान हो गई। इसके बाद बदमाशों ने घर में रखे करीब पांच हजार रुपये की नकदी भी उठा ली।

महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। तब तक बदमाश मोटरसाइकिल से फरार हो चुके थे। ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना की सूचना मिलते ही कांस्या चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर साक्ष्य जुटाए तथा बदमाशों के आने-जाने के रास्तों की जानकारी एकत्र की।

पीड़िता ने कांस्या चौकी में रिपोर्ट देकर बताया कि बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर जांच शुरू कर दी है तथा अज्ञात बदमाशों की तलाश तेज कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!