पंजाब से दबोचा गया बदमाश, 2023 में पुलिस की नाकेबंदी तोड़कर फरार हुए तस्करों के साथ था; उसी रात 98 किलो डोडा चूरा भी हुआ था जब्त
बिजोलिया। करीब तीन साल पहले बिजोलिया थाना क्षेत्र में पुलिस पर गाड़ी चढ़ाकर नाकेबंदी तोड़ने और फरार होने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी गुरविन्दर सिंह उर्फ मिन्टू उर्फ मिन्टा (38) निवासी कांगथला (रहीमपुर), थाना पातड़ा, जिला पटियाला (पंजाब) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज था।
थानाधिकारी स्वागत पांड्या ने बताया कि आरोपी को जून 2023 में दर्ज मामले में गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ धारा 353, 307, 34, 120-बी बीएनएस/भादंसं एवं 3/27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी पंजाब में भी सजायाफ्ता है। इस प्रकरण में इससे पहले दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
यह था पूरा मामला
पुलिस के अनुसार जून 2023 में बिजोलिया थाना पुलिस ने तत्कालीन थानाधिकारी उगमाराम बेनीवाल के नेतृत्व में केसरगंज कट पर नाकेबंदी कर रखी थी। इसी दौरान लाड़पुरा की ओर से आई एक संदिग्ध स्विफ्ट कार को रुकवाने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय पुलिसकर्मियों पर ही कार चढ़ाने का प्रयास किया और नाकेबंदी तोड़कर फरार हो गया।
घटना की सूचना तत्काल बूंदी जिले के डाबी थाना पुलिस को दी गई। डाबी पुलिस ने सूतड़ा गांव के पास नाकेबंदी कर संदिग्ध कार को घेर लिया। पुलिस को सामने देखकर आरोपी कार छोड़कर जंगल में भाग निकले। तलाशी के दौरान कार से 98 किलोग्राम डोडा चूरा बरामद हुआ था। इसके बाद बिजोलिया पुलिस ने पुलिस पर जानलेवा हमला और नाकेबंदी तोड़ने का मामला दर्ज किया था, जबकि डाबी थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी।
अब इस मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपियों में शामिल गुरविन्दर सिंह को गिरफ्तार कर पुलिस ने न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।












Leave a Reply