बिजौलिया पुलिस की नई पहल: युवा और महिलाएं बनेंगे सुरक्षा अभियान की ताकत

Share


सीएलजी बैठक में अपराध रोकथाम, साइबर जागरूकता और गांव-गांव जनसंपर्क बढ़ाने पर जोर

बिजौलिया। आगामी मोहर्रम और कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए बिजौलिया पुलिस ने व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। थाना परिसर में आयोजित सीएलजी की बैठक में थानाधिकारी स्वागत पांड्या ने कानून व्यवस्था को लेकर रोडमैप साझा करते हुए जल्द यूथ सीएलजी टीम और महिला विंग के गठन की घोषणा की। साथ ही गांव-गांव बैठकें कर आमजन को सुरक्षा और कानून व्यवस्था के प्रति जागरूक करने की बात कही।
बैठक में थानाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने, माहौल बिगाड़ने या न्यूसेन्स क्रिएट करने वालों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। उन्होंने सीएलजी सदस्यों से अपील की कि किसी भी संवेदनशील सूचना की पुष्टि किए बिना उसे आगे साझा न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को जानकारी दें।
पुलिस ने बैठक में साइबर फ्रॉड से बचाव, महिलाओं के खिलाफ अपराधों की रोकथाम, बच्चों को गुड टच-बैड टच की जानकारी, मोबाइल की बढ़ती लत, चोरी रोकने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने और घर खाली छोड़ने से पहले पड़ोसियों को सूचना देने जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की।

बारिश के मौसम को देखते हुए सीएलजी सदस्यों को तेज बहाव वाले क्षेत्रों में लोगों को जाने से रोकने और जनजागरूकता फैलाने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई। सीएलजी सदस्य शक्तिनारायण शर्मा ने कस्बा स्थित कस्तूरबा छात्रावास में छात्राओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिस की व्यवस्था करने की मांग रखी । वही सुनील जोशी ने तेजाजी चौक के मुख्य सड़क के बीचों बीच लगे विद्युत पोल से हो रही कस्बावासियों की समस्या से अवगत कराते हुए उसे हटाने की मांग रखी। बैठक में एएसआई सुनील कुमार बेनीवाल, ओम प्रकाश शर्मा , रमेश गुरुजी , राजेंद्र , अब्दुल हमीद , असलम खोखर , तुलसी रिजवानी , सुनील वेद , ब्रह्म प्रकाश तिवाड़ी,  हेड कांस्टेबल राजूलाल सहित सीएलजी के कई सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!