रामनवमी पर निकली भव्य शोभायात्रा, जय श्रीराम के जयघोष से गूंजा कस्बा

Share

भगवा ध्वज के साथ निकली युवाओं की टोली, जगह-जगह पुष्प वर्षा से हुआ स्वागत

बिजोलिया। रामनवमी के अवसर पर गुरुवार को कस्बे में भगवान श्रीराम की भव्य शोभायात्रा बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ निकाली गई। शोभायात्रा में युवाओं ने हाथों में भगवा ध्वज लेकर टोली बनाकर “जय श्रीराम” के जयघोष के साथ पूरे कस्बे का वातावरण राममय कर दिया।

शोभायात्रा जिस-जिस मार्ग से गुजरी, वहां श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। उत्साहित युवाओं की टोलियां “चप्पा-चप्पा गूंजेगा श्रीराम के जयकारों से, पूरा भारत भर जाएगा राम के दीवानों से” और “एक ही नारा, एक ही नाम जय श्रीराम” के उद्घोष करते हुए पैदल चल रही थीं।

मुख्य मार्गों से निकली शोभायात्रा

बैंड की मधुर धुनों पर बजते प्रभु श्रीराम के भजनों और जयकारों के साथ शोभायात्रा कस्बे के मुख्य मार्गों से निकली। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग जुलूस में शामिल होने के लिए उत्साहित नजर आए।

शोभायात्रा चारभुजा नाथ मंदिर से प्रारंभ होकर सदर बाजार, सब्जी मंडी मार्ग, तेजाजी का चौक एवं पंचायत चौक होते हुए पुनः चारभुजा नाथ मंदिर पहुंची, जहां आरती के साथ शोभायात्रा का समापन हुआ। शोभायात्रा का क्षेत्रवासियों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया।

मातृशक्ति की रही विशेष भागीदारी

शोभायात्रा में मातृशक्ति की भी उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली। महिलाओं की टोलियां हाथों में भगवा पताका लिए जय श्रीराम के जयघोष करती नजर आईं, जिससे आयोजन की भव्यता और भी बढ़ गई।

अखाड़ा प्रदर्शन बना आकर्षण का केंद्र

शोभायात्रा में श्री वीर बजरंग अखाड़ा द्वारा आकर्षक अखाड़ा प्रदर्शन किया गया। इस दौरान बालिकाओं ने भी शानदार प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!