बिजोलिया
चैत्र नवरात्रि के चलते श्री जोगणिया माता शक्तिपीठ पर इन दिनों भक्तों की आस्था चरम पर है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दरबार में पहुंच रहे हैं, जिससे मंदिर परिसर में धार्मिक उल्लास और भक्ति का विशेष माहौल बना हुआ है।

नवरात्रि महोत्सव के तहत मंदिर परिसर स्थित रामलीला मंच पर वृंदावन से आए कलाकार नेमीचंद मिश्रा और उनकी मंडली द्वारा रासलीला का आकर्षक मंचन किया जा रहा है। इस प्रस्तुति में भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाएं और राधा-कृष्ण के दिव्य प्रसंगों को जीवंत रूप दिया जा रहा है, जिसे देखकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो रहे हैं। साथ ही सजी हुई मनमोहक झांकियां भी लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही हैं।
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर प्रबंध एवं विकास संस्थान ने व्यवस्थाओं का विस्तार किया है। इसी क्रम में रावण राजपूत धर्मशाला के समीप तीसरे पार्किंग स्थल की शुरुआत की गई है, जिससे आने वाले श्रद्धालुओं को पार्किंग में राहत मिलेगी और यातायात व्यवस्था भी सुचारू बनी रहेगी।
संस्थान अध्यक्ष सत्यनारायण जोशी ने बताया कि नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पेयजल, छाया, सुरक्षा, सफाई और पार्किंग जैसी सभी व्यवस्थाएं प्रभावी रूप से संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य है कि प्रत्येक श्रद्धालु को दर्शन के दौरान बेहतर और सुगम अनुभव मिले।












Leave a Reply