स्वाति झा ने संभाला बिजौलिया एसडीएम का अतिरिक्त प्रभार, कहा- पारदर्शी और संवेदनशील प्रशासन होगी प्राथमिकता

Share



बिजौलिया। मांडलगढ़ की नव नियुक्त उपखंड अधिकारी स्वाति झा ने सोमवार को बिजौलिया उपखंड कार्यालय पहुंचकर उपखंड अधिकारी का अतिरिक्त कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने के दौरान उपखंड कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनका स्वागत करते हुए शुभकामनाएं दीं।

उल्लेखनीय है कि तत्कालीन एसडीएम अजीत सिंह के स्थानांतरण के बाद बिजौलिया का उपखंड अधिकारी का पद रिक्त चल रहा था। इसके बाद मांडलगढ़ के तत्कालीन एसडीएम मनमोहन शर्मा को बिजौलिया का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया था। हाल ही में मनमोहन शर्मा के स्थानांतरण के बाद राज्य सरकार ने स्वाति झा को मांडलगढ़ का उपखंड अधिकारी नियुक्त किया है। अब वे मांडलगढ़ के साथ-साथ बिजौलिया उपखंड का अतिरिक्त दायित्व भी निभाएंगी। इससे पूर्व वे सूरजगढ़ में उपखंड अधिकारी के पद पर कार्यरत थीं।

कार्यभार ग्रहण करने के बाद एसडीएम स्वाति झा ने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं संवेदनशील तरीके से समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि राजस्व प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण, सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन तथा आमजन को जवाबदेह प्रशासन उपलब्ध कराने के लिए सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य किया जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए आमजन को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराने का आह्वान किया। इस दौरान उपखंड कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं देते हुए पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!