डीएसटी और बिजौलिया पुलिस का बड़ा एक्शन, 53 लाख की खेप पकड़ी

Share

355 किलो डोडा चूरा जब्त, 40 हजार का इनामी तस्कर गिरफ्तार

बिजोलिया । अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिजौलिया थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 355 किलो अवैध अफीम डोडा चूरा बरामद किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त लग्जरी टाटा सफारी कार को जब्त करते हुए 40 हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 53 लाख 25 हजार रुपए बताई गई है।

जिला पुलिस अधीक्षक सागर (आईपीएस) के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारस जैन एवं वृत्ताधिकारी योगेश शर्मा के सुपरविजन में थानाधिकारी स्वागत पाण्डया के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार 27 जून को जिला स्पेशल टीम से मिली सूचना के आधार पर बिजौलिया क्षेत्र में एक काले रंग की टाटा सफारी को रुकवाकर तलाशी ली गई। वाहन से 19 अलग-अलग कट्टों में भरा हुआ कुल 355 किलो अफीम डोडा चूरा बरामद हुआ।

मौके से कपिल पुत्र भारमलराम विश्नोई (28) निवासी कंवरजी का खेजड़ी, थाना ओसियां, जिला जोधपुर ग्रामीण को गिरफ्तार किया गया। आरोपी पर पुलिस थाना गोटन (नागौर) द्वारा 15 हजार रुपए तथा पुलिस थाना बेंगू (चित्तौड़गढ़) द्वारा 25 हजार रुपए का इनाम घोषित था। इस प्रकार आरोपी पर कुल 40 हजार रुपए का इनाम था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस टीम का रहा विशेष योगदान

कार्रवाई में थानाधिकारी स्वागत पाण्डया, उपनिरीक्षक नरेश कुमार, डीएसटी के राकेश, हेड कांस्टेबल सुरेन्द्र सिंह, कांस्टेबल मनोज, अनिल कुमार, दलवीर एवं रणजीत सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!