कांस्या चौकी प्रभारी नरेश सुखवाल की सजगता से हुआ था जिले का सबसे बड़ा एमडी ड्रग्स खुलासा
बिजौलिया। चंपापुर गांव की पहाड़ियों के बीच संचालित अवैध एमडी ड्रग फैक्ट्री मामले में शनिवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ड्रग निर्माण के लिए उपयोग में लिए जा रहे अवैध फार्म हाउस को ध्वस्त कर दिया। राजस्व विभाग ने पूर्व में तैयार मौका पर्चा और जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण कर बनाए गए निर्माण को हटाया। कार्रवाई के दौरान गिरदावर, पटवारी, पुलिस जाब्ता एवं कांस्या चौकी प्रभारी नरेश सुखवाल मौजूद रहे।

गौरतलब है कि हाल ही में बिजौलिया क्षेत्र के चंपापुर गांव की पहाड़ियों में संचालित अवैध एमडी ड्रग फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ था, जहां से पुलिस ने करीब 36 किलोग्राम एमडीएमए, 155 लीटर एमएम केमिकल, 30 लीटर हाइड्रोक्लोरिक एसिड एवं 8.50 किलोग्राम कास्टिक सोडा बरामद किया था। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था जबकि एक आरोपी अब भी फरार है।

जांच में सामने आया था कि जिस स्थान पर फैक्ट्री संचालित हो रही थी, वह भूमि गुढ़ा निवासी एक राजपूत परिवार के नौ खातेदारों के नाम दर्ज है। आरोप है कि भंवर बंजारा नामक व्यक्ति ने भूमि पर अवैध अतिक्रमण कर पक्का निर्माण किया और उसे करीब सात हजार रुपये प्रतिमाह किराए पर ड्रग तस्करों को उपलब्ध कराया था।

नरेश सुखवाल की सूचना तंत्र से मिली बड़ी सफलता
पूरे मामले के खुलासे में कांस्या चौकी प्रभारी नरेश सुखवाल की सजगता, सतर्क निगरानी और प्रभावी सूचना तंत्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनकी सक्रियता के चलते नशे के खिलाफ जिले की सबसे बड़ी मादक पदार्थ विरोधी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। विश्वसनीय सूचना के आधार पर समय रहते कार्रवाई होने से करोड़ों रुपये की एमडी ड्रग्स बाजार तक पहुंचने से पहले ही जब्त कर ली गई।
नरेश सुखवाल के नेतृत्व में अब तक 15 से अधिक मादक पदार्थ तस्करी के मामलों का खुलासा किया जा चुका है। इसके अलावा एक ही दिन में पांच वाहनों पर कार्रवाई कर मादक पदार्थों की बड़ी खेप जब्त करने जैसी उपलब्धियां भी उनके खाते में दर्ज हैं। मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार की जा रही प्रभावी कार्रवाइयों को लेकर पुलिस महकमे और आमजन में उनकी कार्यशैली की सराहना की जा रही है।
अंतरराज्यीय नेटवर्क की जांच जारी
बडलियास थाना पुलिस रिमांड पर चल रहे आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच में रॉ मैटेरियल के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस को आशंका है कि मामले के तार एक बड़े अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं। प्रशासन का कहना है कि अवैध कारोबार और अतिक्रमण के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। कार्रवाई के दौरान गिरदावर संजय पाराशर, पटवारी दिनेश चौधरी , खाताधारक मौजूद रहे ।











Leave a Reply