भीलवाड़ा कलेक्ट्रेट में ट्रैप, ठेकेदारों के बिल पास करने के नाम पर वसूली
भीलवाड़ा। मूलचन्द पेसवानी
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) शाहपुरा के अधिशाषी अभियंता शहजाद मोहम्मद को 4 लाख 4 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस दौरान दो ठेकेदार—मोडूराम धाकड़ और बनवारीलाल—को भी रिश्वत लेनदेन में शामिल पाए जाने पर गिरफ्तार किया गया है।

ACB मुख्यालय जयपुर के निर्देश पर भीलवाड़ा प्रथम चौकी की टीम ने यह कार्रवाई की। ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस गोविंद गुप्ता के अनुसार, विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार की शिकायतों पर निगरानी रखी जा रही थी। जांच के दौरान सामने आया कि अधिशाषी अभियंता शहजाद मोहम्मद ठेकेदारों से उनके कार्यों के बिल पास करने की एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था।
बताया गया कि आरोपी स्वयं के साथ-साथ अधीक्षण अभियंता खेमचंद मीणा के लिए भी ठेकेदारों से कथित रूप से रकम एकत्र कर रहा था।

मंगलवार को ACB ने जाल बिछाकर भीलवाड़ा कलेक्ट्रेट कार्यालय में ट्रेजरी के पास ट्रैप कार्रवाई की। यहां शहजाद मोहम्मद को 4,04,000 रुपये की रिश्वत राशि के साथ पकड़ लिया गया। मौके पर ही दोनों ठेकेदारों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
कार्रवाई के बाद ACB टीम ने आरोपी के जहाजपुर स्थित आवास सहित अन्य ठिकानों पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है, जहां दस्तावेजों और संपत्ति की जांच की जा रही है। यह पूरी कार्रवाई एसीबी अजमेर रेंज के उप महानिरीक्षक नारायण टोगस के सुपरवीजन में तथा उप अधीक्षक पुलिस पारसमल व उनकी टीम द्वारा अंजाम दी गई। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव और महानिरीक्षक एस. परिमला के निर्देशन में आरोपियों से पूछताछ जारी है। ACB ने आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और विस्तृत अनुसंधान किया जा रहा है। इस कार्रवाई से PWD विभाग सहित प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।












Leave a Reply