शाहपुरा। मूलचन्द पेसवानी
धार्मिक आस्था और सामाजिक चेतना का अनोखा संगम सोमवार शाम शाहपुरा के श्री राम मंदिर में देखने को मिला, जहां जीव रक्षणम टीम द्वारा देशव्यापी ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ के पोस्टर का भव्य विमोचन किया गया। साधु-संतों के सान्निध्य में आयोजित इस कार्यक्रम ने गौ संरक्षण को लेकर जनजागरण की अलख जगा दी।
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने बताया कि यह अभियान किसी एक संस्था या व्यक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे देश में गौमाता के सम्मान, संरक्षण और अधिकारों के लिए एक व्यापक जनआंदोलन के रूप में चलाया जा रहा है। अभियान में गौमाता को प्रधान संरक्षक और नंदी बाबा को अध्यक्ष स्वरूप मानकर इसे आध्यात्मिक स्वरूप भी प्रदान किया गया है।
इस अवसर पर महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए बताया गया कि 27 अप्रैल 2026 को ‘गौ सम्मान दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। इसी दिन शाहपुरा तहसील मुख्यालय पर बड़ी संख्या में गौसेवक एकत्रित होकर केंद्र सरकार के नाम ज्ञापन सौंपेंगे। ज्ञापन के माध्यम से गौहत्या पर स्थायी प्रतिबंध, गौमाता को मौलिक अधिकार प्रदान करने तथा उनके संरक्षण, पालन-पोषण और संवर्धन के लिए पर्याप्त अनुसंधान व अनुदान की मांग उठाई जाएगी।
जीव रक्षणम टीम ने जानकारी दी कि देशभर की लगभग 5 हजार तहसीलों में एक साथ प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे। इन ज्ञापनों के साथ आमजन के हस्ताक्षरों से युक्त प्रतियां भी संलग्न होंगी, ताकि सरकार तक जनभावनाओं की सशक्त अभिव्यक्ति पहुंच सके।
कार्यक्रम में श्री राम मंदिर के पुजारी, किसान संघ के सुगनलाल बोहरा सहित सुमित प्रजापत, दिनेश प्रजापत, अजय प्रजापत, गोविंद प्रजापत, दीपक प्रजापत, हितेश पेसवानी, कालु प्रजापत, महेंद्र प्रजापत, राघव प्रताप सिंह शेखावत, अनिल पांचाल और देवेंद्र प्रजापत सहित अनेक गौभक्त उपस्थित रहे।
अंत में टीम रक्षणम ने सभी गौ-भक्तों, सनातनी नागरिकों, साधु-संतों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे इस पुण्य अभियान से जुड़ें और 27 अप्रैल को अधिकाधिक संख्या में तहसील मुख्यालय पहुंचकर गौमाता के सम्मान की इस मुहिम को जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान करें।
शाहपुरा में गूंजा गौ सम्मान का संदेश, पोस्टर विमोचन के साथ अभियान को मिली नई ऊर्जा












Leave a Reply