बिजौलिया पुलिस व डीएसटी की संयुक्त कार्रवाई, चित्तौड़गढ़ से दबोचा
बिजौलिया। शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के मामले में पिछले नौ माह से फरार चल रहे 5 हजार रुपए के इनामी आरोपी को बिजौलिया थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की लंबे समय से तलाश की जा रही थी और उसकी गिरफ्तारी पर जिला पुलिस अधीक्षक ने 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था।
पुलिस के अनुसार जिले में फरार एवं वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश आर्य एवं वृत्ताधिकारी योगेश शर्मा के सुपरविजन में बिजौलिया थाना प्रभारी स्वागत पाण्डया तथा डीएसटी टीम ने मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी का लगातार पीछा किया।
जिला स्पेशल टीम को मिली सूचना के बाद आरोपी रोडूलाल (46) पुत्र सुल्तान बंजारा, निवासी गोरधनपुरा, थाना बिजौलिया को चित्तौड़गढ़ से गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ बिजौलिया थाने में शादी का झूठा वादा कर दुष्कर्म करने का मामला दर्ज है और वह घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले में अग्रिम अनुसंधान जारी है।












Leave a Reply