तीन दिन के भीतर महिलाओं से लूट की दूसरी वारदात, ग्रामीणों में दहशत, काछोला पुलिस जुटी जाँच में
बिजोलिया। मांडलगढ़ विधानसभा क्षेत्र में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। अब हालात ऐसे हैं कि महिलाएं अपने ही घर में सुरक्षित नहीं रह गई हैं। सोमवार देर रात जलिंद्री ग्राम पंचायत के अमरपुरा गांव में तीन बेखौफ बदमाशों ने एक घर में घुसकर महिला के साथ मारपीट करते हुए लूटपाट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। वारदात इतनी सुनियोजित थी कि बदमाशों ने पहले महिला के दोनों बेटों को उनके कमरों में बाहर से बंद कर दिया, ताकि कोई बीच-बचाव न कर सके। इसके बाद अकेली महिला पर हमला बोल दिया।
चीखती रही महिला, बेबस बने रहे बेटे
अमरपुरा निवासी नंदू देवी (55) पत्नी रामलाल मीणा सोमवार रात करीब दो बजे घर के बरामदे में सो रही थीं। तभी दो बाइकों पर सवार होकर आए तीन नकाबपोश बदमाश चुपचाप घर में घुस गए। बदमाशों ने सबसे पहले महिला के दोनों बेटों सत्यनारायण मीणा और वैद्यराज के कमरों की बाहर से कुंडी लगा दी। इसके बाद महिला को दबोच लिया।
विरोध किया तो बेरहमी से पीटा, कान फाड़कर ले गए टॉप्स
दो बदमाशों ने महिला को पकड़ रखा था, जबकि तीसरा उसके गले से करीब एक तोला वजनी रामनामी और कानों के टॉप्स छीनने लगा। महिला ने विरोध किया तो बदमाशों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। जबरन टॉप्स खींचने से महिला के दोनों कान फट गए, जबकि गले पर भी गहरी चोटें आईं। लूट के बाद तीनों बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
मां की आवाज सुनकर तड़पते रहे बेटे
महिला के पुत्र सत्यनारायण मीणा ने बताया कि मां की चीखें सुनकर वह और उसका भाई तुरंत बाहर निकलने दौड़े, लेकिन दरवाजे बाहर से बंद थे। काफी देर तक दरवाजा खोलने की कोशिश करते रहे, लेकिन सफल नहीं हुए। बाद में पड़ोसियों की मदद से दरवाजा खुला, तब तक बदमाश गांव छोड़ चुके थे। घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
तीन दिन… दो वारदात… बढ़ती चिंता
यह घटना इसलिए भी चिंता बढ़ाने वाली है क्योंकि तीन दिन के भीतर महिलाओं के साथ घर में घुसकर लूट की यह दूसरी वारदात है। इससे पहले बिजोलिया थाना क्षेत्र के राणाजी का गुड्डा गांव में भी इसी तरह बदमाशों ने एक महिला को निशाना बनाया था। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने ग्रामीणों में भय और आक्रोश पैदा कर दिया है।
पुलिस जांच में जुटी, ग्रामीणों ने बढ़ाई गश्त की मांग
घटना की सूचना मिलते ही काछोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी है। वहीं ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने, अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
विधानसभा क्षेत्र में लगातार दूसरी वारदात के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है क्या ग्रामीण इलाकों में अपराधियों के मन से पुलिस का खौफ खत्म हो चुका है?












Leave a Reply