बिजौलिया के मालीपुरा का मामला, परिजनों की बढ़ी चिंता; पुलिस ने आमजन से मांगा सहयोग
बिजौलिया । स्कूल जाने के लिए घर से निकला 15 वर्षीय छात्र पिछले तीन दिनों से लापता है। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर हर संभव जगह उसकी तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस की शरण ली। इस बीच सूचना मिली कि किशोर को आखिरी बार भीलवाड़ा रेलवे स्टेशन पर देखा गया था। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल पाया है। मामले में बिजौलिया थाना पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम मालीपुरा निवासी ओमप्रकाश गाडोलिया का 15 वर्षीय पुत्र सुशील कुमार गाडोलिया (रोहित) 29 जून की सुबह करीब 6 बजे स्कूल जाने के लिए घर से निकला था। परिजनों ने उसे बिजौलिया बस स्टैंड तक छोड़कर आरोली जाने वाली लोक परिवहन बस में बैठाया था। परंतु वह स्कूल नहीं पहुंचा।
शुरुआत में परिजनों को लगा कि शायद किसी परिचित के यहां चला गया होगा, लेकिन जब काफी देर तक उसका कोई संपर्क नहीं हुआ तो उन्होंने रिश्तेदारों, दोस्तों और परिचितों से जानकारी जुटानी शुरू की। काफी खोजबीन के बाद पुलिस को मदद से पता चला कि उसी दिन शाम करीब 6 बजे सुशील को भीलवाड़ा रेलवे स्टेशन पर देखा गया था। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल सका।
लगातार तीन दिन बीत जाने के बावजूद किशोर का कोई सुराग नहीं मिलने से परिवार गहरे सदमे और चिंता में है। परिजनों का कहना है कि उन्होंने अपने स्तर पर हर संभावित स्थान पर उसकी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। बेटे के सकुशल लौटने की उम्मीद में पूरा परिवार परेशान है।
परिजनों की रिपोर्ट पर बिजौलिया थाना पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस संभावित स्थानों पर तलाश करने के साथ-साथ तकनीकी साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध माध्यमों के आधार पर भी किशोर का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
लापता सुशील कुमार (रोहित) की उम्र करीब 15 वर्ष है। उसका रंग गेहुआं है। घर से निकलते समय उसने जींस पैंट, शर्ट, जूते पहन रखे थे तथा हाथ में घड़ी थी।
परिजनों ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को सुशील कुमार के संबंध में कोई भी जानकारी मिले या वह कहीं दिखाई दे तो तत्काल बिजौलिया थाना पुलिस अथवा उसके पिता ओमप्रकाश गाडोलिया के मोबाइल नंबर 9983430715 पर सूचना दें, ताकि किशोर को सकुशल उसके परिवार तक पहुंचाया जा सके।











Leave a Reply