बिजोलिया -बूंदी मार्ग पर हादसा : ससुराल से लौट रहे बाइक सवार को कार ने मारी टक्कर , 26 वर्षीय युवक की मौत

Share

बिजोलिया। भीलवाड़ा-बूंदी सीमा पर स्थित भीमलत मार्ग पर शनिवार को हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल युवक ने उपचार के लिए बूंदी ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।

एएसआई सुनील बेनीवाल ने बताया कि पीपल्दा निवासी एवं हाल मुकाम बूंदी 26 वर्षीय कुलदीप सिंह हाड़ा पुत्र गुमान सिंह हाड़ा कांस्या स्थित अपनी ससुराल से बाइक पर बूंदी लौट रहा था। इसी दौरान भीमलत मार्ग पर सामने से आ रहे एक वाहन से उसकी बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कुलदीप सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद आसपास के लोगों ने घायल युवक को तत्काल कस्बा स्थित उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे बूंदी रेफर कर दिया। परिजन और एम्बुलेंस कर्मी उसे बूंदी लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

सूचना पर पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को मोर्चरी में रखवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!