पत्रकार से जुड़े बताए जा रहे होटल में पुलिस की दबिश, दुष्कर्म प्रकरण की जांच के दौरान कई पहलुओं की पड़ताल शुरू
बिजोलिया थाना क्षेत्र के तिलस्वा गांव में सामने आए एक दुष्कर्म प्रकरण ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। करीब एक वर्ष तक चुप्पी साधे रखने के बाद एक 35 वर्षीय महिला ने पुलिस के समक्ष ऐसी आपबीती बयां की, जिसने न केवल पुलिस को सक्रिय कर दिया बल्कि क्षेत्र में भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। महिला का आरोप है कि उसे तिलस्वा महादेव दर्शन कराने के बहाने बुलाया गया और फिर एक होटल में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। इसके बाद आरोपी लगातार उसे ब्लैकमेल करता रहा और रुपए की मांग करता रहा।
मामला सामने आने के बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने संबंधित महादेव गेस्ट हाउस (होटल) में पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच प्रारंभ कर दी है। सूत्रों के अनुसार जिस होटल को लेकर मामला सामने आया है, वह एक पत्रकार से जुड़ी हुई है।
थानाधिकारी स्वागत पांड्या ने बताया कि क्षेत्र की पीड़िता मजदूरी का कार्य करती है। आरोपी युवक और महिला के घर आसपास होने के कारण दोनों के बीच पहले से परिचय और बातचीत थी। महिला ने रिपोर्ट में आरोप लगाया है कि आरोपी ने विश्वास का फायदा उठाया और करीब एक वर्ष पूर्व उसे तिलस्वा महादेव दर्शन कराने के बहाने बुलाया । इसके बाद वह उसे एक होटल में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया।
महिला का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी ने उसे डराना-धमकाना शुरू कर दिया। आरोपी कथित रूप से लगातार उसे ब्लैकमेल करता रहा और उससे रुपए की मांग करता रहा। बदनामी के डर और सामाजिक दबाव के कारण महिला लंबे समय तक चुप रही, लेकिन जब आरोपी की मांगें बढ़ने लगीं और मानसिक प्रताड़ना असहनीय हो गई तो उसने पूरी घटना अपने पति को बताई। इसके बाद परिवार के साथ थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया।
पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद गेस्ट हाउस (होटल) पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। होटल के रिकॉर्ड, रजिस्टर और अन्य दस्तावेजों की जांच शुरू की है। साथ ही मामले से जुड़े लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार जांच के दौरान पुलिस होटल की गतिविधियों से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है। स्थानीय स्तर पर होटल को लेकर पहले भी विभिन्न प्रकार की चर्चाएं होती रही हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने से पहले किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा और सभी तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है।
थानाधिकारी स्वागत पांड्या ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। घटनास्थल का निरीक्षण किया जा चुका है और आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।












Leave a Reply