बजरी माफियाओं पर पुलिस का शिकंजा, डंपर व ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त

Share


दो स्थानों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई, चालक मौके से फरार

शाहपुरा-मूलचन्द पेसवानी
अवैध बजरी खनन एवं परिवहन के खिलाफ फूलियाकलां थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों से एक डंपर और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय बजरी माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार थाना पुलिस को अवैध बजरी परिवहन की सूचना मिलने पर विशेष अभियान चलाया गया। इसी दौरान कस्बे के केकड़ी रोड स्थित खारी नदी क्षेत्र में पुलिस ने दबिश देकर बजरी से भरा एक डंपर जब्त कर लिया। पुलिस की कार्रवाई को देखते ही डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

वहीं दूसरी ओर कनेछन कलां के समीप भी पुलिस ने अवैध बजरी परिवहन कर रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा। यहां भी चालक पुलिस को देखकर वाहन छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने दोनों वाहनों को अपने कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करवा दिया है तथा आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

थानाधिकारी राजकुमार नायक ने बताया कि अवैध बजरी खनन एवं परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बजरी माफियाओं पर कड़ी नजर रखी जा रही है और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। लंबे समय से अवैध बजरी खनन और परिवहन की शिकायतें सामने आ रही थीं। ऐसे में पुलिस द्वारा एक ही दिन में दो अलग-अलग स्थानों पर की गई कार्रवाई को बजरी माफियाओं के खिलाफ बड़ा संदेश माना जा रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इसी तरह नियमित रूप से कार्रवाई होती रही तो अवैध खनन और राजस्व को होने वाले नुकसान पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा। फिलहाल पुलिस फरार चालकों की तलाश में जुटी हुई है तथा मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!