बिजोलिया। क्षेत्र में बदहाल सड़कें वाहन चालकों के लिए लगातार खतरा बनती जा रही हैं। शुक्रवार सुबह सीता का कुंड के निकट एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया। हादसा उस समय हुआ जब वाहन क्षतिग्रस्त मार्ग से गुजर रहा था। सौभाग्य से वाहन में सवार सभी लोग सुरक्षित रहे और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब इसी मार्ग पर कुछ दिन पहले एक ट्रक भी दुर्घटना का शिकार हुआ था। लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने सड़क की हालत पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मार्ग पर सफर करना अब जोखिम भरा हो गया है और हर गुजरने वाला वाहन चालक अनहोनी की आशंका के बीच यात्रा करने को मजबूर है।

ग्रामीण धनराज के अनुसार बिजोलिया से शक्करगढ़ तक का सड़क मार्ग लंबे समय से निर्माण की बाट जोह रहा है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन चुके हैं, जबकि किनारों की साइड पट्टियां भी टूट-फूट चुकी हैं। ऐसे में हल्की सी चूक या वाहन का संतुलन बिगड़ने पर दुर्घटना होना आम बात बन गई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की दुर्दशा को लेकर कई बार जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया गया, लेकिन हालात जस के तस बने हुए हैं। परिणामस्वरूप आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत और सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई करते हुए सड़क का नवीनीकरण कराने और क्षतिग्रस्त हिस्सों को दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।












Leave a Reply