बिजोलिया-शक्करगढ़ मार्ग बना हादसों का रास्ता: गड्ढों में उछला ट्रक खाई में गिरा, केबिन में लगी आग

Share


सीता कुंड के पास देर रात बड़ा हादसा टला, चालकखलासी ने कूदकर बचाई जान; ग्रामीणों में प्रशासन के खिलाफ रोष

बिजोलिया । शक्करगढ़ मार्ग की बदहाल सड़कें अब लोगों की जान पर भारी पड़ने लगी हैं। मंगलवार देर रात सीता कुंड के समीप एक तेज रफ्तार ट्रक गहरे गड्ढों में असंतुलित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। हादसे के बाद ट्रक की केबिन में अचानक आग भड़क उठी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि चालक और खलासी ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते ट्रक से छलांग लगा दी और उनकी जान बच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा उस समय हुआ जब ट्रक बिजोलिया से शक्करगढ़ की ओर जा रहा था। लंबे समय से टूटी और गड्ढों से भरी सड़क पर वाहन अचानक उछलने लगा और चालक नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते ट्रक सड़क किनारे नीचे जा गिरा और कुछ ही पलों में उसकी केबिन धुएं और आग की लपटों से घिर गई।

घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और चालक-खलासी को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे के चलते कुछ समय के लिए मार्ग पर दहशत का माहौल बन गया। ग्रामीणों का कहना है कि यह पहला हादसा नहीं है, बल्कि इस सड़क पर आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। कई बार लोग घायल हुए हैं तो कई लोगों की जान भी जा चुकी है, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक आंखें मूंदे बैठा है।

ग्रामीण शांतिलाल ने नाराजगी जताते हुए बताया कि सड़क की दुर्दशा को लेकर कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को शिकायत दी जा चुकी है। सड़क निर्माण, दोनों तरफ मरम्मत कार्य और सुरक्षा इंतजामों की मांग लगातार उठाई जा रही है, लेकिन हालात जस के तस बने हुए हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि मार्ग पर इतने बड़े-बड़े गड्ढे हो चुके हैं कि वाहन चलाना जोखिम भरा हो गया है। बरसात से पहले सड़क की स्थिति और अधिक खतरनाक होने की आशंका है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द सड़क निर्माण नहीं कराया गया तो यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तुरंत सड़क निर्माण कार्य शुरू करवाने, गड्ढों की मरम्मत कराने और हादसों पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!