बिजोलिया में लग्जरी किआ सेल्टोस से 310 किलो अफीम डोडा चूरा बरामद, कीमत करीब 47 लाख रुपए

Share

बिजौलिया। मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध अफीम डोडा चूरा से भरी एक लग्जरी कार जब्त की है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान किआ सेल्टोस कार से 310.840 किलोग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 47 लाख रुपए आंकी जा रही है। हालांकि पुलिस की सख्त घेराबंदी देख तस्कर वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गए।

थानाधिकारी स्वागत पांड्या ने बताया की पुलिस को सूचना मिली थी कि चित्तौड़गढ़ पुलिस द्वारा बेगूं क्षेत्र से आ रही एक संदिग्ध कार का पीछा किया जा रहा है। सूचना के बाद बिजौलिया थाना क्षेत्र में तत्काल नाकाबंदी कर विभिन्न मार्गों पर घेराबंदी की गई। पुलिस दबिश के दौरान आरोली गांव के समीप नेशनल हाईवे-27 से नीचे उतरी हुई सफेद रंग की किआ सेल्टोस कार संदिग्ध अवस्था में खड़ी मिली।

पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो कार में सवार तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग चुके थे। इसके बाद थानाधिकारी स्वागत पाण्डया मय जाप्ता ने वाहन की गहन तलाशी ली। जांच के दौरान कार की पिछली सीट हटाकर उसके नीचे कट्टों में छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में अवैध अफीम डोडा चूरा मिला। नियमानुसार तलाशी लेने पर कुल 19 कट्टों में भरा 310.840 किलोग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा बरामद हुआ।

पुलिस ने मौके पर ही कार एवं मादक पदार्थ को जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। फरार तस्करों की तलाश के लिए आसपास क्षेत्र में सर्च अभियान भी चलाया गया, लेकिन देर रात तक उनका कोई सुराग नहीं लग सका।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम

कार्रवाई में थाना प्रभारी स्वागत पाण्डया, उप निरीक्षक लक्ष्मण सिंह, हेड कांस्टेबल राजू, कांस्टेबल विश्राम एवं कांस्टेबल अनिल कुमार की विशेष भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!