बिजोलिया में पत्थरों से भरी ट्रॉली बनी काल, मोपेड सवार दो युवकों ने मौके पर तोड़ा दम

Share

बिजोलिया। कस्बे के मोक्षधाम के समीप पार्श्वनाथ रोड पर रविवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल व्याप्त हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कस्बा चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया।

जानकारी के अनुसार पत्थरों से भरी एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने मोपेड को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई, जबकि चालक मौके से फरार हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और हादसे की जानकारी परिजनों को दी।

बताया जा रहा है कि दोनों युवक गोविंदपुरा गांव के निवासी थे और बिजोलिया अस्पताल से उपचार करवाकर अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान पार्श्वनाथ रोड पर यह हादसा हो गया। मृतकों में एक की पहचान सोजी राम भील के रूप में हुई है, जबकि दूसरे युवक की पहचान के प्रयास जारी हैं।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में व्यावसायिक कार्यों में उपयोग हो रही ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर नाराजगी जताई। लोगों का कहना है कि कृषि कार्यों के लिए पंजीकृत ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का उपयोग पत्थर, बजरी और निर्माण सामग्री ढोने में किया जा रहा है, जिससे सड़क हादसों का खतरा लगातार बढ़ रहा है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से ऐसे वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!