अवैध शराब पर सख्ती, आज से 15 मई तक विशेष अभियान

Share

जयपुर। प्रदेश में अवैध शराब के खिलाफ सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए आज से 15 मई तक विशेष निरोधात्मक अभियान चलाने का निर्णय लिया है। आबकारी विभाग ने जीरो टॉलरेंस नीति के तहत तस्करी, अवैध निर्माण और बिक्री पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं।

आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशानुसार प्रदेशभर में यह अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत आबकारी निरोधक दल गश्त, नाकाबंदी और दबिश देकर अन्य राज्यों से आने वाली अवैध शराब पर नजर रखेंगे। संभावित मार्गों और टोल नाकों पर विशेष निगरानी रखते हुए पुलिस के साथ समन्वय कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

अभियान के दौरान फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी पर भी जोर रहेगा। इसके लिए पड़ोसी राज्यों और संबंधित जिलों की पुलिस से तालमेल स्थापित किया जाएगा। साथ ही स्प्रिट टैंकरों की आवाजाही पर विशेष निगरानी रखते हुए सील की जांच की जाएगी।

आबकारी आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि शराब की दुकानों पर एमआरपी से अधिक कीमत पर बिक्री या बिना होलोग्राम शराब पाए जाने पर संबंधित अनुज्ञाधारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रत्येक दुकान पर नियमानुसार होलोग्राम और निर्धारित दरों का पालन सुनिश्चित करना होगा।

इसके अलावा बिना लाइसेंस शराब बेचने वाले होटल, बार, ढाबों और समारोह स्थलों की भी सघन जांच की जाएगी। शिकायत सही पाए जाने पर प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के तहत जब्त शराब के निस्तारण, नष्टिकरण और मालखाने के लंबित मामलों का निपटारा भी किया जाएगा। साथ ही जब्त वाहनों की नीलामी की प्रक्रिया को तेज किया जाएगा। पूरे अभियान की दैनिक मॉनिटरिंग कर जिलेवार समीक्षा भी की जाएगी, ताकि कार्रवाई में किसी प्रकार की ढिलाई न रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!