बिजोलिया पुलिस को बड़ी सफलता, टांडा के जंगलों से 19 साल बाद दबोचे गए वारंटी, साइबर ठगी नेटवर्क का खुलासा

Share

भीलवाड़ा। जिले में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए 1 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बिजौलिया थाना पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए 19 साल से फरार तीन स्थायी वारंटियों सहित एक साइबर ठगी के दलाल को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (आईपीएस) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) पारस जैन एवं वृत्ताधिकारी माण्डलगढ़ बाबूलाल विष्णोई के सुपरविजन में थाना प्रभारी स्वागत पाण्डया के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई।

पुलिस टीम ने लूट के पुराने प्रकरण में लंबे समय से फरार चल रहे मच्छर सिंह उर्फ कमरु (65), रमेश उर्फ मेसिया (39) और नसरु (42), सभी निवासी कुराडदा थाना गनवानी जिला धार (मध्यप्रदेश) को टांडा के जंगलों से दस्तयाब कर गिरफ्तार किया। वहीं, साइबर धोखाधड़ी के एक अन्य मामले में पुलिस ने भैरू सोनी (36) निवासी आरोली का झोपड़ा, थाना बिजौलिया को भी गिरफ्तार किया है, जो बैंक खाताधारकों से खाते खरीदकर साइबर ठगों को उपलब्ध कराता था। इस मामले में पूर्व में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है।

इस कार्रवाई में कांस्टेबल विनोद (थाना बडलियास), श्रवण कुमार (थाना माण्डलगढ़) एवं मदनलाल (थाना बिगोद) का विशेष योगदान रहा। टीम में थाना प्रभारी स्वागत पाण्डया के साथ कांस्टेबल हेमाराम, विनोद, श्रवण कुमार, मदनलाल एवं विश्राम शामिल रहे। जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत आगे भी वांछित अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!