शाहपुरा को फिर जिला बनाने का वादा, सियासत में गरमाई बहस,कांग्रेस नेता रामलाल जाट का बड़ा बयान, “सरकार बनी तो तुरंत बनेगा वृहद जिला”

Share


शाहपुरा। मूलचन्द पेसवानी

शाहपुरा को जिला बनाने का मुद्दा एक बार फिर सियासी गलियारों में गर्मा गया है। देहात जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष व पूर्व मंत्री रामलाल जाट ने साफ शब्दों में ऐलान किया है कि जैसे ही कांग्रेस की सरकार बनेगी, शाहपुरा को दोबारा जिला बनाने की प्रक्रिया तुरंत शुरू कर दी जाएगी।
बिजौलियां में राजस्थान फोकस से बातचीत करते हुए जाट ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की सरकार ने दूरदर्शी फैसला लेते हुए शाहपुरा को जिला बनाया था, जो सत्ता के विकेंद्रीकरण की दिशा में अहम कदम था। उन्होंने तर्क दिया कि वर्ष 1956 में प्रदेश में महज 25 जिले थे, जबकि आज आबादी 8 करोड़ के पार पहुंच चुकी है, ऐसे में नए जिलों का गठन समय की मांग है।
जाट ने यह भी कहा कि कांग्रेस के प्रदेश स्तर के नेता इस मुद्दे पर एकमत हैं और शाहपुरा को फिर से जिला बनाने को लेकर प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने भाजपा की भजनलाल सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि बिना जनता की राय लिए जिला समाप्त करने का फैसला लिया गया, जो जनभावनाओं के खिलाफ है।

👇 इंटरव्यू देखे 👇


उन्होंने स्वीकार किया कि पिछली प्रक्रिया में कुछ कमियां रह गई होंगी, लेकिन अबकी बार पंचायतों और ग्राम सभाओं से प्रस्ताव लेकर व्यापक सहमति बनाई जाएगी, ताकि शाहपुरा को एक वृहद और सशक्त जिला बनाया जा सके। गौरतलब है कि जिला समाप्त होने के बाद से शाहपुरा में संघर्ष समिति लगातार आंदोलन कर रही है। जाट ने भरोसा दिलाया कि जनता की इस जायज मांग को कांग्रेस सरकार बनते ही प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!