सभा में उठे RTI और टेंडर के सवाल, माइक बंद होने से गरमाया माहौल
बिजौलिया । मुख्यमंत्री विकसित शहर अभियान के तहत नगर में वार्ड-वार्ड सभाओं का आयोजन किया जा रहा है, लेकिन इन सभाओं की कार्यप्रणाली को लेकर अब सवाल खड़े होने लगे हैं। रविवार रात हनुत बालाजी मंदिर के पास वार्ड संख्या 6, 8, 9 और 10 की संयुक्त वार्ड सभा में उस समय विवाद की स्थिति बन गई, जब एक पूर्व वार्ड पार्षद असलम खोखर को बोलने से रोकने के लिए उनका माइक बंद कर दिया गया।
👇 वीडियो देखे 👇
जानकारी के अनुसार, सभा के दौरान पूर्व वार्ड पार्षद ने नगर पालिका की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए सूचना के अधिकार के तहत मांगी गई जानकारी उपलब्ध नहीं कराने, गोलमाल जवाब देने, ग्राम पंचायत के पट्टों के रूपांतरण के लंबित मामलों तथा नगर पालिका के टेंडरों में बाहरी लोगों को प्राथमिकता देने जैसे मुद्दे उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय लोगों को रोजगार नहीं मिल रहा है और आमजन को अनावश्यक परेशान किया जा रहा है।
इस पर नाराज होकर नगर पालिका अधिशासी अधिकारी पंकज कुमार मंगल ने उनका माइक बंद कर दिया और बोलने से रोकते हुए कार्रवाई की चेतावनी दी। घटना का वीडियो नगर पालिका के आधिकारिक सोशल मीडिया पेज पर वायरल हो गया, जिसके बाद क्षेत्र में पालिका की कार्यशैली को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
गौरतलब है कि इससे पहले आयोजित वार्ड सभाओं में भी आमजन की कम भागीदारी देखने को मिली थी, जिससे इन बैठकों की उपयोगिता पर सवाल उठ रहे हैं और अनावश्यक खर्च की भी चर्चा हो रही है।
वहीं, इस मामले में अधिशासी अधिकारी पंकज कुमार मंगल का कहना है कि वार्ड सभाएं केवल क्षेत्रीय समस्याओं और विकास कार्यों पर चर्चा के लिए होती हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अन्य विषय उठाए जाने के कारण स्पीकर बंद किया गया, जबकि किसी को भी जनसमस्याएं रखने से नहीं रोका जा रहा है।












Leave a Reply