बिजौलिया। थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। गोपालपुरा हायर सेकण्डरी स्कूल में एक बार फिर चोरों ने वारदात को अंजाम देते हुए गैस की भरी टंकी चोरी कर ली। खास बात यह है कि पांच दिन पहले 29 मार्च को भी इसी स्कूल से दो गैस सिलेंडर चोरी हुए थे, और अब ठीक उसी तरीके से दोबारा चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
प्रधानाचार्य कमलेश कुमार भील के अनुसार शुक्रवार को गुड फ्राइडे के अवकाश के चलते विद्यालय बंद था। इसी मौके का फायदा उठाते हुए चोरों ने स्कूल का ताला और कुंदी सरिये से तोड़कर अंदर प्रवेश किया और गैस की भरी टंकी लेकर फरार हो गए। हैरानी की बात यह रही कि पिछली बार की तरह इस बार भी चोर खाली टंकी छोड़कर केवल भरी टंकी ही उठा ले गए, जिससे साफ है कि उनका निशाना सिर्फ गैस से भरे सिलेंडर ही हैं।
उन्होंने बताया कि 29 मार्च को हुई चोरी में भी चोरों ने बिल्कुल इसी तरह ताले तोड़कर दो भरी टंकियां चुरा ली थीं और मौके पर सरिया छोड़कर फरार हो गए थे। उस समय विद्यालय में पोषाहार व्यवस्था प्रभावित हुई थी, जिसके चलते स्टाफ को पास के इन्द्रपुरा स्कूल से गैस टंकी मंगवाकर विद्यार्थियों के लिए भोजन बनवाना पड़ा था।
लगातार हो रही इन घटनाओं से क्षेत्र में रोष व्याप्त है। शिक्षकों का कहना है कि अधिकांश विद्यालय आबादी क्षेत्र से दूर स्थित होने के कारण असुरक्षित हैं, जिसका फायदा चोर बार-बार उठा रहे हैं।
इधर कस्बे में बढ़ती चोरी, लूट, हमले और अन्य आपराधिक घटनाओं ने आमजन में भय का माहौल बना दिया है। लोगों का कहना है कि अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं, जबकि पुलिस की सक्रियता अपेक्षाकृत नजर नहीं आ रही है।
लगातार दोहराई जा रही चोरी की इस वारदात ने न सिर्फ स्कूल प्रशासन बल्कि पूरे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।












Leave a Reply