बिजोलिया ।
उपखण्ड क्षेत्र के नयागांव में 4 अप्रैल को पूर्व विधायक स्वर्गीय विवेक धाकड़ की स्मृति में एक विशाल आयोजन होने जा रहा है। इस कार्यक्रम में उनकी प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा, जिसे लेकर क्षेत्रभर में तैयारियां तेज हो गई हैं। आयोजन को सफल बनाने के लिए रविवार को आदर्श धाकड़ विद्यापीठ स्कूल में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई, जहां बेगूं विधायक सुरेश धाकड़ और पूर्व जिला प्रमुख कन्हैया लाल धाकड़ ने विस्तृत जानकारी साझा की।
👇 प्रेस कांफ्रेंस में विधायक सुरेश धाकड़ ने क्या कहा देखे 👇
जानकारी के अनुसार यह कार्यक्रम विवेक सुषमा चेरिटेबल ट्रस्ट के नेतृत्व में आयोजित किया जा रहा है। आयोजकों का उद्देश्य इसे सर्वसमाज का कार्यक्रम बनाना है, जिसमें विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ आमजन की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।

विधायक सुरेश धाकड़ ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान विवेक धाकड़ की प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा, वहीं उनके नाम से एक नए अंग्रेजी माध्यम विद्यालय की शुरुआत भी होगी। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यह आयोजन केवल श्रद्धांजलि और सम्मान के भाव से किया जा रहा है, इसमें किसी भी प्रकार की राजनीतिक गतिविधि शामिल नहीं है।
उन्होंने विवेक धाकड़ के व्यक्तित्व को याद करते हुए कहा कि वे सरल, मिलनसार और जनहित के प्रति समर्पित नेता थे। समाज सेवा में उनके योगदान के कारण आज भी लोग उन्हें प्रेरणा स्रोत मानते हैं।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में 20 से 25 हजार लोगों के पहुंचने की संभावना है। विवेक धाकड़ का प्रभाव माण्डलगढ़ क्षेत्र से आगे बढ़कर प्रदेश और अन्य राज्यों तक फैला हुआ था, जो उनके व्यापक जनसंपर्क और लोकप्रियता को दर्शाता है।
विधायक ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि वे सोशल मीडिया के युग में सकारात्मक सोच अपनाएं और अपने आदर्शों से प्रेरित होकर समाजहित में कार्य करें।
इसी कड़ी में कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में उपप्रधान कैलाश धाकड़, सरपंच संघ अध्यक्ष मोहन लाल धाकड़, थड़ौदा सरपंच राजेश धाकड़, ऊपरमाल किसान पंचायत अध्यक्ष नारायण लाल धाकड़, धाकड़ समाज पंचायत अध्यक्ष मांगीलाल धाकड़, सामूहिक विवाह सम्मेलन समिति अध्यक्ष औकार लाल धाकड़, ट्रस्ट कोषाध्यक्ष मोहन लाल धाकड़, श्री धाकड़ महासभा युवा संघ के राष्ट्रीय संगठन मंत्री पप्पू लाल धाकड़, प्रदेश युवा संघ के महामंत्री दुर्गेश धाकड़ सहित ट्रस्ट एवं समाज के अनेक पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।












Leave a Reply